|
शासकीय महाविद्यालय नलखेड़ा में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई लौह पुरुष की जयंती नलखेड़ा। स्थानीय शासकीय महाविद्यालय नलखेड़ा में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ एवं राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के संयुक्त तत्वावधान में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. सुखदेव बैरागी ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व, स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका तथा देशी रियासतों के विलय के माध्यम से अखंड भारत के निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने देश की एकता, अखंडता और अस्मिता की रक्षा के लिए अनेक आंदोलनों में अग्रणी भूमिका निभाई। देशी रियासतों का विलय कर उन्होंने भारत को एक सूत्र में पिरोने का ऐतिहासिक कार्य किया। द्वितीय वक्ता प्रो. संतोष कुमावत ने सरदार पटेल के विभिन्न आंदोलनों का विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किसानों पर लगाए गए अतिरिक्त करों के विरोध में हुए आंदोलन का सरदार पटेल ने कुशल नेतृत्व किया था। उनके नेतृत्व से प्रभावित होकर महिलाओं ने उन्हें सरदार की उपाधि प्रदान की थी। देश के प्रति उनके दृढ़ संकल्प, अदम्य साहस और ऐतिहासिक योगदान के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. जी. एल. रावल ने कहा कि स्वतंत्रता से पूर्व देश को षड्यंत्रों के तहत गुलाम बनाया गया और आजादी के समय भारत का विभाजन हुआ। ऐसी विषम परिस्थितियों में सरदार पटेल ने देशी रियासतों का विलय कर राष्ट्रीय एकता को मजबूत किया। यदि वे यह ऐतिहासिक कार्य नहीं करते, तो आज भारत की तस्वीर बिल्कुल अलग होती। अनेक रियासतों के अलग-अलग अस्तित्व के कारण देश की अखंडता और सुरक्षा के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी हो सकती थीं। कार्यक्रम के अंत में डॉ. सर्वेश व्यास ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. बलवंत दांगी ने किया तथा आभार डॉ. सीमा तारे ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के डॉ. आशीष साखंला, डॉ. सर्वेश व्यास, डॉ. गोपाल कुरील, डॉ. सचिन शर्मा, महेन्द्र प्रताप गुजराती सहित समस्त महाविद्यालयीन स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। |