|
कृषि यंत्रों की उपलब्धता से किसानों को मिल रहा लाभ, केंद्र संचालक को प्रतिवर्ष 3 से 4 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा नीमच । मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुसार जिले में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों का जायजा लिया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने जवासा स्थित मालवीय कृषि फार्म के कस्टम हायरिंग केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र की गतिविधियों, उपलब्ध कृषि यंत्रों तथा किसानों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। 24.87 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया केंद्र कस्टम हायरिंग केंद्र के संचालक श्री राकेश मालवीय ने बताया कि केंद्र की स्थापना के लिए कुल 24 लाख 87 हजार 556 रुपये की लागत से 11 कृषि यंत्र क्रय किए गए। इस पर उन्हें 8 लाख 56 हजार रुपये की सब्सिडी प्राप्त हुई, जबकि शेष राशि के लिए भारतीय स्टेट बैंक की रेवली देवली शाखा से ऋण लिया गया। किराये पर मिल रहे आधुनिक कृषि यंत्र केंद्र के माध्यम से किसानों को ट्रैक्टर, रोटावेटर, कल्टीवेटर, प्लाऊ, सीड-कम-फर्टिलाइजर ड्रिल, जीरो टिल मशीन, स्प्रे पंप, ट्रॉली और पावर हैरो सहित विभिन्न कृषि यंत्र किराये पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे किसानों को खेती के कार्यों के लिए आवश्यकतानुसार आधुनिक कृषि यंत्र आसानी से मिल रहे हैं। उन्हें महंगे कृषि उपकरण खरीदने के लिए बड़ी पूंजी निवेश करने की आवश्यकता भी नहीं पड़ती। स्वरोजगार और आय वृद्धि का बन रहा माध्यम केंद्र संचालक श्री मालवीय के अनुसार, कस्टम हायरिंग केंद्र से उन्हें प्रतिवर्ष लगभग 3 से 4 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा प्राप्त हो रहा है। इस प्रकार कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के साथ यह केंद्र ग्रामीण क्षेत्र में स्वरोजगार और आय वृद्धि का प्रभावी माध्यम भी बन रहा है। आधुनिक कृषि यंत्रों की उपलब्धता से किसानों को खेती के कार्य समय पर पूरा करने और कृषि कार्यों को अधिक सुविधाजनक बनाने में भी मदद मिल रही है। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमन वैष्णव, अपर कलेक्टर श्री बी.एस. कलेश, एसडीएम श्री पराग जैन, उपसंचालक कृषि कल्याण विभाग श्री नगीन सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। |