|
नीमच : नगर के श्री बड़े वाले परशुराम धाम, पंचवटी कॉलोनी की पावन धरा पर चल रही सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत गीता कथा का आज षष्टम दिवस बड़े ही धूमधाम से सम्पन्न हुआ। कथा के छठे दिन राधा-रुक्मणी विवाह का भव्य आयोजन किया गया। आज कथा में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा और पूरा पंडाल खचाखच भरा रहा। हजारों की संख्या में धर्मप्रेमी बंधुओं ने कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ लिया। कथा वाचक परम पूज्य गुरुदेव कामखेड़ा सरकार कृपा पात्र श्री श्री पंडित रोहित जी नागर, खिलचीपुर ने अपने संबोधन में माता-पिता के सम्मान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता ही प्रथम गुरु हैं और उनका सम्मान ही सच्ची भक्ति है। साथ ही उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गीता में दिए गए उपदेशों का विस्तार से वर्णन किया। गुरुदेव श्री ने इस अवसर पर भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प भी दिलाया और बताया कि हम किस प्रकार से अपने देश और सनातन धर्म की सेवा कर सकते हैं। इस पावन अवसर पर क्षेत्रीय विधायक श्री दिलीप सिंह जी परिहार मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने ओजस्वी वक्तव्य से सभी धर्मालुजनों को संबोधित किया और इस भव्य आयोजन के लिए आयोजक समिति को बधाई दी। इस अवसर पर श्री सर्व ब्राह्मण समाज कल्याण समिति, नीमच के सभी पदाधिकारी एवं विभिन्न समाजों के समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। समिति के अध्यक्ष श्री उमेश शर्मा ने बताया कि कल 7 सितंबर को कथा का अंतिम दिवस है। अंतिम दिवस पर कथा समापन के पश्चात विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया है। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी जनता से आह्वान किया है कि कल अंतिम दिवस पर अधिक से अधिक संख्या में पधार कर इस ज्ञान गंगा में डुबकी लगाएं और महाप्रसादी ग्रहण कर अपने जीवन को धन्य करें। समय : दोपहर 2:00 से शाम 5:00 बजे तक स्थान : बड़े वाले परशुराम धाम, पंचवटी कॉलोनी, नीमच |