|
आगर मालवा : मध्यप्रदेश शासन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग मंत्रालय भोपाल के द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना अंतर्गत तीर्थ यात्राओं का कार्यक्रम जारी किया गया है। उक्त कार्यक्रम अनुसार आगर-मालवा जिले को उज्जैन, शाजापुर जिले के साथ हरिद्वार एवं ऋषिकेश की तीर्थ यात्रा के लिए क्लब किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम अनुसार आवेदन प्राप्त करने की अंतिम तिथि 09 सितंबर 2026 है। तीर्थ यात्रा 16 सितंबर 2026 को प्रस्तावित है। यह यात्रा IRCTC के माध्यम से विशेष ट्रेन द्वारा की जाएगी। इस योजना अंतर्गत ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिनकी आयु 60 वर्ष से अधिक है, एवं जो आयकर दाता नहीं है, पात्र होंगे। जिला प्रशासन द्वारा तीर्थ यात्रियों को निवास स्थान से रेल्वे स्टेशन तक लाने एवं वापस घर तक पहुंचाने, भोजन, शुद्ध पेयजल, ठहरने एवं तीर्थ स्थल भ्रमण की संपूर्ण व्यवस्था निःशुल्क की जाएगी। यात्रा के दौरान प्रत्येक जिले से एक अनुरक्षक अधिकारी एवं एक शासकीय चिकित्सक की ड्यूटी लगाई जावेगी। यात्रियों का 10 से 15 के समूह में दुर्घटना बीमा भी कराया जाएगा। डिप्टी कलेक्टर श्री कमल मंडलोई ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि जिले के इच्छुक पात्र व्यक्ति अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप मैं संबंधित जनपद कार्यालय नगरीय निकाय एवं एसडीएम कार्यालय के माध्यम से कलेक्टर कार्यालय, आगर-मालवा में अंतिम तिथि 9 सितम्बर 2026 के पूर्व प्रस्तुत कर सकते हैं एसडीएम द्वारा उपखंड क्षेत्र के सभी आवेदन सूचीबद्ध कर 9 सितंबर तक कलेक्टर कार्यालय की संबंधित शाखा को भेजे जाएंगे। आवेदन के साथ आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं पासपोर्ट साइज फोटो संलग्न करना अनिवार्य है। अधिक जानकारी हेतु कार्यालय धार्मिक न्यास शाखा, कलेक्टर कार्यालय आगर-मालवा में संपर्क किया जा सकता है। |