रतलाम/जावरा । त्योहारी सीजन के बीच खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर लगाम कसने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जावरा में बड़ी कार्रवाई की है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए करीब 100 किलोग्राम मावा जब्त किया है। जब्त मावे की अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है। मावे में मिलावट की आशंका के चलते विभाग ने इसके दो नमूने भी जांच के लिए लिए हैं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ज्योति बघेल के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान टीम ने खाचरौद नाका स्थित महावीर मावा भंडार का निरीक्षण किया। जांच के दौरान मावे की गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर मौके से मावे के दो नमूने लिए गए। इसके साथ ही लगभग 100 किलो मावा नियमानुसार जप्त कर लिया गया। विभाग की कार्रवाई से खाद्य कारोबारियों में भी हड़कंप की स्थिति बनी रही।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कोठी बाजार स्थित राजस्थान स्वीट्स एंड नमकीन का निरीक्षण किया। यहां प्रतिष्ठान संचालक भवानी सिंह पिता गोवर्धन सिंह राजपुरोहित से तैयार खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। विभाग ने कलाकंद और सेव नमकीन के नमूने मानक स्तर की जांच के लिए संकलित किए हैं। टीम ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित करने तथा दुकान में साफ-सफाई और स्वच्छता के निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश भी दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों से कुल चार खाद्य नमूने लिए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। अब इन नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की वास्तविक गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होने की स्थिति स्पष्ट होगी।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं या उनमें मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई को मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच और नमूना कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।
रिपोर्ट : जितेंद्र कुमावत