रतलाम, जावरा । जावरा शहर में खाद्य एवं औषधि विभाग ने डेयरी प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए नमूने लिए और मौके से बड़ी मात्रा में पनीर जब्त किया। विभाग की इस कार्रवाई से डेयरी संचालकों में हड़कंप मच गया।
खाद्य एवं औषधि विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार विभागीय टीम ने जावरा स्थित बालाजी डेयरी एवं भारत डेयरी पर निरीक्षण एवं जांच की। कार्रवाई के दौरान दोनों प्रतिष्ठानों से पनीर, घी एवं श्री घी दूध के नमूने लिए गए। इन नमूनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्ता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है।
कार्रवाई के दौरान दोनों डेयरी प्रतिष्ठानों से कुल 25 किलोग्राम पनीर जब्त किया गया। जब्त किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब 7,500 रुपये बताई गई है। विभाग द्वारा पनीर सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाने के बाद अब उनकी जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ न होने देना है। खासतौर पर दूध एवं दूध से बने उत्पादों में मिलावट अथवा गुणवत्ता में कमी की शिकायतों को देखते हुए विभाग द्वारा समय-समय पर डेयरी प्रतिष्ठानों की जांच की जाती है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाते हैं तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जावरा में हुई इस कार्रवाई के बाद डेयरी कारोबारियों में भी सतर्कता बढ़ गई है। वहीं आम उपभोक्ताओं ने खाद्य विभाग की कार्रवाई को महत्वपूर्ण बताते हुए मिलावटी एवं अमानक खाद्य पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की आवश्यकता जताई है। अब सभी की नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की दिशा तय होगी।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत