रतलाम ! प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई) के तहत डोसीगांव स्थित ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में बकाया राशि के अंतिम नोटिस चस्पा करने पहुंची नगर निगम की टीम पर शुक्रवार को उस समय अचानक पथराव हो गया, जब अधिकारी हितग्राहियों को नोटिस सौंपने की कार्रवाई कर रहे थे। आक्रोशित रहवासियों के विरोध के बीच स्थिति इतनी बिगड़ गई कि नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जान बचाकर मौके से भागना पड़ा। अफरा-तफरी के बीच निगम के वाहन भी घटनास्थल पर ही छूट गए। घटना में एक मीडियाकर्मी घायल हो गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम का अमला डोसीगांव स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के ईडब्ल्यूएस फ्लैटों में रहने वाले 208 बकायादार हितग्राहियों को अंतिम नोटिस देने पहुंचा था। टीम में स्वास्थ्य अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार, इंजीनियरिंग शाखा और राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे। निगम ने इन सभी हितग्राहियों को तीन दिन के भीतर 1.80 लाख रुपये की बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए हैं।
स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि तय समय सीमा में राशि जमा नहीं होने पर 4 अगस्त से फ्लैट खाली कराने, कब्जा हटाने, वैधानिक कार्रवाई करने तथा एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
जैसे ही निगम कर्मचारियों ने फ्लैटों पर नोटिस चस्पा करना शुरू किया, वहां मौजूद लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और नारेबाजी के बीच कुछ लोगों ने अधिकारियों और कर्मचारियों पर पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और निगम का अमला अपनी सुरक्षा के लिए मौके से निकल गया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम आयुक्त अनिल भाना स्वयं मौके पर पहुंचे। उनके निर्देश पर पुलिस बल बुलाया गया, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था के बीच नोटिस चस्पा करने की कार्रवाई दोबारा पूरी कराई गई। मौके पर सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, टीआई गायत्री सोनी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे और हालात पर नियंत्रण पाया।
नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत डोसीगांव की शिवशंकर बस्ती सहित अन्य क्षेत्रों में कुल 396 पात्र हितग्राहियों को ईडब्ल्यूएस फ्लैट आवंटित किए गए थे। इनमें से 188 हितग्राहियों ने नियमानुसार दो लाख रुपये का अंशदान जमा कर दिया है, जबकि 208 हितग्राहियों ने केवल मार्जिन मनी जमा कर फ्लैटों पर कब्जा कर लिया, लेकिन निर्धारित राशि का भुगतान अब तक नहीं किया। ऐसे सभी हितग्राहियों को अंतिम अवसर देते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।
आयुक्त ने साफ कहा कि यदि तीन दिन के भीतर बकाया राशि जमा नहीं की गई तो 4 अगस्त से कब्जा हटाने की कार्रवाई शुरू होगी। वहीं निगम अधिकारियों और कर्मचारियों पर पथराव करने वाले उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करने सहित कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद डोसीगांव क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत