रतलाम। माणकचौक थाना पुलिस ने निर्माणाधीन मकानों से लिफ्ट की केबल वायर, सोलर केबल और अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर एक बड़ी चोरी का खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में केबल चोरी की कई वारदातों को अंजाम देना भी स्वीकार किया है। पुलिस अब आरोपियों से चोरी गए सामान की बरामदगी के साथ अन्य मामलों में भी गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार कॉलेज रोड निवासी गौरव मूणत ने 10 जुलाई को माणकचौक थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोग्यम अस्पताल की गली स्थित एक निर्माणाधीन मकान से 9 जुलाई की रात अज्ञात बदमाश लिफ्ट की केबल वायर के बंडल, सोलर केबल तथा अन्य सामान चोरी कर ले गए। शिकायत पर थाना माणकचौक में धारा 331(4) एवं 305(ए) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो तथा नगर पुलिस अधीक्षक सत्येन्द्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में दीपक उर्फ दीपु (23) पिता अमरसिंह चारेल, निवासी मुकुन्दपुरा थाना पाटन जिला बांसवाड़ा (राजस्थान), हाल मुकाम गांधीनगर रतलाम तथा सागर (19) पिता पुष्कर पुरोहित, निवासी टाटा नगर रतलाम शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने करीब एक माह पूर्व कलीमी कॉलोनी, सागोद रोड और डीडी नगर क्षेत्र से भी केबल तार चोरी करने की वारदातें स्वीकार की हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपियों से पूछताछ में चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल चोरी गए माल की बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रमसिंह चौहान, उपनिरीक्षक शांतिलाल चौहान, प्रधान आरक्षक राजसिंह, विजय झोड़िया, तखतलाल तथा आरक्षक कुलदीप, अशरफ, अविनाश मिश्रा, हेमंत यादव, संदीप शर्मा और पंकज कुमार की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने पूरी टीम की तत्परता और पेशेवर कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत