रतलाम/सैलाना। सोशल मीडिया पर वायरल होने और सस्ती लोकप्रियता पाने की होड़ में सार्वजनिक स्थानों पर रील बनाना
दो युवकों को भारी पड़ गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का एसडीओपी नीलम बघेल ने तत्काल संज्ञान लिया और थाना प्रभारी पिंकी आकाश को आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद सैलाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों मनचलों को गिरफ्तार कर लिया तथा कानून का संदेश देने के उद्देश्य से उनका नगर में जुलूस भी निकाला।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों युवक सरवन, शिवगढ़ और सैलाना बाजार सहित सार्वजनिक स्थानों पर युवतियों और महिलाओं के सामने ओढ़नी ओढ़ के नाचू... जैसे गीतों पर अश्लील अंदाज में रील बनाते थे। उनके वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुए जिसके बाद लोगों में नाराजगी बढ़ी और पुलिस हरकत में आई।
आज के दौर में सोशल मीडिया पर सस्ते प्रचार और रील बनाने का भूत युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। लेकिन हद तो तब हो जाती है जब सार्वजनिक स्थानों पर खुलेआम अभद्रता और अश्लीलता परोसी जाने लगती है। सैलाना थाना क्षेत्र के बस स्टैंड से हाल ही में एक ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया, जिसने न सिर्फ हमारी कानून व्यवस्था बल्कि समाज की मानसिकता पर भी एक बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।
बस स्टैंड जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर, जहाँ हर पल सैकड़ों लोगों और व्यापारियों का आवागमन रहता है, वहाँ कुछ युवाओं द्वारा सरेआम लड़कियों को देख कर अश्लील हरकतें की गईं और रील बनाई गई। सबसे शर्मनाक बात यह रही कि आसपास मौजूद तमाम बुद्धिजीवी वर्ग, व्यापारी बंधु और आम जनता इस पूरे घटनाक्रम को मूकबधिर (तमाशबीन) बनकर देखती रही।
लोग हँसते रहे, मजे लेते रहे, लेकिन किसी ने भी उन्हें रोकने या पुलिस को तुरंत सूचना देने की जहमत नहीं उठाई। जब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और समाज में तीखी प्रतिक्रियाएं शुरू हुईं, तब जाकर मामला प्रशासन के संज्ञान में आया। यदि समय रहते जिम्मेदार नागरिक अपनी भूमिका निभाते तो ऐसी घटनाओं पर पहले ही रोक लग सकती थी।
एसडीओपी नीलम बघेल के निर्देशन और थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया। कार्रवाई में उप निरीक्षक सीना खान, एएसआई शिवनाथ सिंह राठौड़ तथा आरक्षक यशपाल, अर्जुन मकवाना, मुरली कटारिया और तूफान भूरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय पिता मदन निवासी खराड़ी बंजला तथा कमलेश पिता रामलाल निनामा निवासी नया खेड़ा शामिल हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विधिसम्मत कठोर कार्रवाई की एवं नगर में निकाला जुलूस निकाला ।
एसडीओपी नीलम बघेल एवं सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश का स्पष्ट संदेश है कि सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स के लिए सार्वजनिक मर्यादा भंग करने, महिलाओं एवं स्कूल बालिकाओं का अपमान करने या अश्लील रील बनाकर कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
संपादकीय टिप्पणी: रील बनाना गलत नहीं है, लेकिन अभिव्यक्ति की आजादी का अर्थ सार्वजनिक अश्लीलता नहीं है। सोशल मीडिया का जिम्मेदारी से उपयोग करना हर नागरिक का कर्तव्य है। यदि कहीं भी इस प्रकार की हरकतें दिखाई दें तो तमाशबीन बनने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। जागरूक समाज और सक्रिय पुलिस ही ऐसी प्रवृत्तियों पर प्रभावी अंकुश लगा सकते हैं।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत