|
|
मंदसौर। जिले के अफजलपुर थाना पुलिस ने किसानों के खेतों और कुओं से रात्रि के समय विद्युत मोटर एवं केबल चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की गई विद्युत मोटर, केबल तथा वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं गिरोह का एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 22-23 जून की दरमियानी रात फरियादी रुघनाथ सिंह पिता माधुसिंह निवासी अफजलपुर के खेत स्थित कुएं से अज्ञात बदमाश विद्युत मोटर और केबल चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना अफजलपुर में अपराध क्रमांक 161/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक हरीश मालवीय के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर दो संदिग्ध युवकों को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने अपना नाम अभिषेक और जहीर बताया तथा चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने अभिषेक पिता विक्रम सिंह (22 वर्ष) एवं जहीर पिता वहीद (22 वर्ष), दोनों निवासी थाना दलौदा, जिला मंदसौर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी सुमित पिता विक्रम सिंह निवासी दलौदा की तलाश जारी है। आरोपी जहीर के कब्जे से चोरी की गई विद्युत मोटर और केबल बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11,500 रुपये है। वहीं आरोपी अभिषेक के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। रिपोर्ट : कमलेश जी शर्मा |