रतलाम / सैलाना
सैलाना विधानसभा की राजनीति में आज सोमवार का दिन भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए खास और यादगार साबित हुआ। लंबे समय से पार्टी के भीतर मतभेद और गुटबाजी की चर्चाओं के बीच भाजपा की दो प्रमुख नेताओं, अनुसूचित जनजाति मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक संगीता चारेल तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष क्रांति जोशी ने एक मंच साझा कर कार्यकर्ताओं को एकजुटता और संगठन की मजबूती का संदेश दिया।
आयोजित मिलन समारोह में दोनों नेताओं ने स्पष्ट किया कि पार्टी और कार्यकर्ता उनके लिए सर्वोपरि हैं तथा आने वाले चुनावों में सभी मिलकर भाजपा को और मजबूत बनाने का कार्य करेंगे। जिला उपाध्यक्ष क्रांति जोशी ने कहा कि भाजपा राष्ट्र प्रथम की विचारधारा पर चलने वाला संगठन है, जहां कार्यकर्ता ही परिवार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के सम्मान और हितों के लिए वे हमेशा खड़े रहे हैं और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
वहीं, पूर्व विधायक संगीता चारेल ने कहा कि कार्यकर्ता ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी हैं और जनहित के मुद्दों पर वे हमेशा जनता और संगठन के साथ खड़ी रहेंगी। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पुष्पमाला पहनाकर आपसी मतभेदों की चर्चाओं पर पूर्ण विराम लगा दिया।
बैठक में भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर ने भी संगठन और कार्यकर्ताओं के हित में मजबूती से कार्य करने का संकल्प दोहराया। इस दौरान क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारियों के कार्यों को लेकर भी गंभीर मंथन किया गया और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर चर्चा हुई।
कार्यक्रम में पूर्व मंडल अध्यक्ष शैतान सिंह पटेल, भूपेंद्र जायसवाल, नेता प्रतिपक्ष मुकेश पटेल, पार्षद विशाल धभाई, किशोर कसेरा, सपना खराड़ी, नाथूलाल राठौर, रवि शर्मा, अंबिका पाटीदार, सौरभ राका, गोपाल जाट, लखन चंदेल, अनुकूल सोनी, नंदकिशोर राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्टर जितेन्द्र कुमावत