|
|
मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिला मुख्यालय पर सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब बाबा बैजनाथ महादेव मंदिर के पीछे कसाई देहरिया गांव जाने वाले मार्ग पर एक बड़े पेड़ पर फांसी के फंदे से झूलता हुआ एक शव मिला। सुबह राहगीरों की नजर जैसे ही पेड़ पर लटके शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही आगर कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतक की वेशभूषा साधु जैसी प्रतीत हो रही है, हालांकि उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या फिर हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि मामले की सच्चाई सामने लाई जा सके। रिपोर्ट: वसीम अली |