|
|
जीरन। नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब ननिहाल आए एक युवक का शव कुएं से बरामद हुआ। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान आदित्यराज सिंह पिता दिलीप सिंह चंद्रावत, निवासी ग्राम गरनाई (थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्यराज गर्मियों की छुट्टियां बिताने अपने नाना गोविंद सिंह (सेवानिवृत्त लाइनमैन) के घर आया हुआ था। सोमवार रात करीब 8 बजे वह दोस्तों के साथ टहलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। मोबाइल फोन बंद मिलने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर कोई सुराग नहीं मिला। फिल्टर प्लांट के पास कुएं में मिला शव मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि तालाब किनारे स्थित फिल्टर प्लांट के सामने एक कुएं में युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान आदित्यराज के रूप में की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके। रिपोर्ट : वसीम अली |