|
चीताखेड़ा। चैत्र नवरात्र पर्व के अवसर पर महामाया आवरी माताजी मंदिर परिसर में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय मेले की तैयारियां फिलहाल धीमी रफ्तार से चल रही हैं। जहां मेला समिति की ओर से तैयारियों में अपेक्षित सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है, वहीं बिजली विभाग की टीम तेज धूप में भी पूरे समर्पण के साथ मेंटेनेंस कार्य में जुटी हुई है। मेला परिसर में बिजली विभाग के कर्मचारी (लाइनमैन) विद्युत पोल पर चढ़कर तार और जंपर की मरम्मत व मेंटेनेंस का कार्य कर रहे हैं, ताकि मेले के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारु बनी रहे। कर्मचारी गर्मी की परवाह किए बिना अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे हैं। इस वर्ष आवरी माताजी मंदिर में 20वां नौ दिवसीय मेला आयोजित किया जा रहा है। धार्मिक रंगमंच पर होने वाले भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली गई है। हालांकि मंदिर परिसर में अभी भी साफ-सफाई का अभाव दिखाई दे रहा है। जगह-जगह कचरा फैला हुआ है और मंदिर की छत पर मकड़ियों के जाले भी नजर आ रहे हैं, जबकि मेले के आयोजन में अब मात्र 9 दिन शेष हैं। बताया जाता है कि मेला समिति की बैठक गत शनिवार शाम को आयोजित की गई थी, लेकिन मुख्य पदाधिकारी बैठक में उपस्थित नहीं हुए। इसके चलते मेले के प्रचार-प्रसार के लिए अब तक पेंपलेट या पोस्टर भी नहीं छप पाए हैं। समिति की कार्यप्रणाली को लेकर सदस्यों में असंतोष भी देखा जा रहा है, जिससे समिति से धीरे-धीरे सदस्यों की संख्या कम होती जा रही है। फिर भी जो सदस्य समिति में शेष हैं, वे सीमित संसाधनों के बीच व्यवस्थाओं को संभालने में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार मुख्य पदाधिकारी अधूरी सड़क का हवाला देकर मेले को स्थगित करने का मन बना चुके थे, लेकिन मां आवरी माताजी के भक्तों और अन्य सदस्यों के प्रयासों से मेले का आयोजन तय हुआ। मेले में आने वाले दुकानदारों के लिए 17 मार्च 2026, मंगलवार को प्लॉट (भूखंड) आवंटित किए जाएंगे। रिपोर्ट : दशरथ माली |