|
|
भवानीमंडी। रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करने वाला एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है। यहां एक मामा ने अपनी ही भांजी को ज्योतिषीय दोष और भाई की अकाल मृत्यु का भय दिखाकर अवैध संबंध बनाने का प्रयास किया। आरोपी ने खुद को ज्योतिष बताकर पीड़िता को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और लगातार दबाव बनाता रहा। आरोपी पूजा-पाठ और कर्मकांड के बहाने पीड़िता से संपर्क में आया। शुरुआत में जन्म कुंडली में दोष होने की बात कहकर डराया गया और फिर अनुष्ठान नहीं कराने पर परिवार पर भारी संकट आने की धमकी दी गई। पीड़िता को भ्रमित करने के लिए आरोपी एक ही मोबाइल फोन से सिम और आवाज बदल-बदल कर कॉल करता रहा, जिससे वह गहरे मानसिक दबाव में आ गई। थानाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि पीड़िता द्वारा 13 जनवरी को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट के अनुसार अक्टूबर माह से आरोपी संपर्क में था और नवंबर माह में उसने धमकी देना शुरू कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित जांच करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और प्रकरण में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह मामला न सिर्फ अपराध की गंभीरता को दर्शाता है, बल्कि अंधविश्वास के नाम पर किए जाने वाले शोषण पर भी बड़ा सवाल खड़ा करता है। |