|
|
बरडिया। जिला मुख्यालय से करीब 24 किलोमीटर दूर स्थित खेड़ा ग्राम पंचायत मुख्यालय में किसी भी कंपनी का मोबाइल टावर नहीं होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नेटवर्क कमजोर होने के कारण न तो मोबाइल पर ठीक से बातचीत हो पाती है और न ही ऑनलाइन कार्य समय पर पूरे हो पा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नेटवर्क समस्या के चलते ग्राम पंचायत से जुड़े जरूरी काम प्रभावित हो रहे हैं। राशन वितरण, जन्म प्रमाण पत्र, मृत्यु प्रमाण पत्र, पंजीयन सहित कई सेवाएं अब ऑनलाइन हैं, लेकिन नेटवर्क न होने से इन कार्यों में बार-बार बाधा आ रही है। गांव के मुकेश पाटीदार ने बताया कि दूरसंचार विभाग से गांव में मोबाइल टावर लगाए जाने की मांग की गई है। टावर स्थापित होने से न केवल संचार सुविधा बेहतर होगी, बल्कि ग्रामवासियों को सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा। ग्रामीणों ने शीघ्र कार्रवाई कर नेटवर्क समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। रिपोर्ट : मुकेश पाटीदार |