रतलाम /सरवन
शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय के आसपास छात्राओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले मनचलों पर सरवन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 युवकों एवं 4 नाबालिग लड़कों को पकड़ लिया। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद थाना प्रभारी अर्जन सेमलिया के नेतृत्व में चलाए गए विशेष अभियान में पुलिस ने स्कूल के आसपास बेवजह घूमने, तेज रफ्तार से वाहन दौड़ाने और इंस्टाग्राम रील बनाकर सोशल मीडिया पर प्रदर्शन करने वालों पर शिकंजा कस दिया।
कार्रवाई में मनीष पिता बालु देवड़ा, भय्यु पिता मोहन मईडा, सुकेश पिता मांगु मईडा, देवीलाल पिता बादरु चारेल, अजय पिता शवजी निनामा, मुकेश पिता परतु कटारा, पिकु पिता नागजी कटारा तथा बंशीलाल पिता नगाजी कटारा सहित चार नाबालिग लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया। सभी को थाना लाकर उनके परिजनों की मौजूदगी में सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस जांच में सामने आया कि ये युवक विद्यालय के आसपास अनावश्यक रूप से मंडराते, तेज रफ्तार में बाइक चलाते और इंस्टाग्राम पर रील बनाकर वायरल करने का प्रयास करते थे फिर थाना प्रभारी ने इन की ही माफ़ी मांगते हुए रील बना कर इन की इंस्टाग्राम पर वायरल करवाई
इन लड़कों सै छात्राओं अभिभावकों और स्थानीय लोगों में नाराजगी थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की।
इस दौरान वाहन क्रमांक MP 43 ZP 3119, MP 43 ZP 0883 एवं MP 43 ZM 0834 के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालानी कार्रवाई की गई। पुलिस ने संबंधित युवकों की इंस्टाग्राम आईडी भी दर्ज कर ली है, ताकि भविष्य में उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।
थाना प्रभारी अर्जन सेमलिया ने स्पष्ट किया कि विद्यालयों और छात्राओं की सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पहली बार पकड़े जाने पर परिजनों की जिम्मेदारी पर समझाइश देकर छोड़ा गया है, लेकिन दोबारा ऐसी हरकत करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सरवन पुलिस ने यह भी साफ किया कि स्कूलों के आसपास मनचलों, स्टंटबाजों और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट : जितेंद्र जी कुमावत