|
|
भीलवाड़ा : श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर के बाबूगिरी महाराज को श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा द्वारा महामंडलेश्वर की उपाधि मिलने की खुशी में मंदिर परिवार और श्रद्धालुओं ने उन्हें लग्जरी फॉर्च्यूनर कार भेंट की। सोमवार को शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हाथीभाटा आश्रम के महंत संतदासजी महाराज के सानिध्य में मुख्य भेंटकर्ता हेमंतपुरी गोस्वामी और महावीर सोमानी ने वाहन की चाबी महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज को सौंपी। वैदिक परंपरा के अनुसार पंडित अशोक व्यास एवं पंडित देवेंद्र शास्त्री ने वाहन का पूजन कराया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने बताया कि प्रभु भक्ति और मानव सेवा के कार्यों में सदैव अग्रणी रहने वाले बाबूगिरी महाराज का 13 अप्रैल को भीलवाड़ा में आयोजित पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा के दौरान श्री पंचायती निरंजनी अखाड़ा, मायापुर (हरिद्वार) के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्रपुरी महाराज सहित अनेक संतों की उपस्थिति में महामंडलेश्वर पद पर पट्टाभिषेक हुआ था। इस उपलब्धि से मंदिर से जुड़े हजारों श्रद्धालुओं में हर्ष का वातावरण है। इसी उपलक्ष्य में मंदिर परिवार और प्रमुख भक्तों ने बाबूगिरी महाराज को फॉर्च्यूनर वाहन भेंट करने का निर्णय लिया। कार्यक्रम में पुजारी मुरारी पांडे, पुजारी ओम पाराशर, महावीर अग्रवाल, रमेश बंसल, सांवरमल बंसल, गजानंद बजाज, राधेश्याम सोमानी, सुनील जागेटिया, पीयूष डाड, सत्येंद्र बिरला, रजनीकांत आचार्य, बद्रीलाल सोमानी, रामेश्वरलाल ईनाणी, राजेश कुदाल, ललित सोमानी, अलका जोशी, राजेश तिवारी, शिव समदानी कारोई, सांवरनाथ कारोई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज ने सभी भक्तों का दुपट्टा ओढ़ाकर सम्मान किया और आशीर्वाद देते हुए कहा कि सनातन धर्म और मानव सेवा के कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा श्रद्धालुओं द्वारा भेंट किए गए इस वाहन का उपयोग धर्म प्रचार एवं सेवा कार्यों के लिए किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्री शिवाय नमस्तुभ्यं, जय श्रीराम और श्री संकटमोचन हनुमानजी महाराज के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। रिपोर्ट : राजकुमार जी गोयल |